नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में 58 वर्षीय बुजुर्ग से मारपीट कर जबरन खाली बैंक चेक और स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित सुधीर श्रीवास्तव ने हिस्ट्रीशीटर गुड्डू हजरत और उसके साथियों पर अपहरण, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने दो पुलिसकर्मियों की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार, मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
पीड़ित की शिकायत के मुताबिक, 2 सितंबर को वह कंसुआ चौराहे पर चाय पी रहे थे। इसी दौरान शब्बीर नाम का युवक अपने साथी के साथ आया और उन्हें गोविंद नगर स्थित एक मकान पर ले गया। आरोप है कि वहां गुड्डू हजरत और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की और ओंकार लाल कोली से 26 लाख रुपए लेने की बात स्वीकार करने का दबाव बनाया। पीड़ित के अनुसार, इस दौरान उनका वीडियो भी बनाया गया।
सुधीर ने आरोप लगाया कि इसके बाद उन्हें गोबरिया बावड़ी स्थित एक जेरोक्स की दुकान पर ले जाकर स्टांप पेपर पर लिखवाया गया और नोटरी से सत्यापित कराया गया। साथ ही एसबीआई की आरकेपुरम शाखा के दो खाली चेक पर हस्ताक्षर करवाए गए। उनके परिचित मुश्ताक के साथ भी मारपीट कर दो खाली चेक और स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर कराने का आरोप है।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी से रकम उधार नहीं ली, फिर भी हस्ताक्षर किए चेक बैंक में लगाए जा रहे हैं। उन्होंने छह लाख रुपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। सुधीर ने यह भी दावा किया कि उन्हें और मुश्ताक को रातभर थाने में बैठाकर रखा गया तथा अगले दिन उनकी पत्नी के पहुंचने पर छोड़ा गया।
पीड़ित के मुताबिक, शिकायत के बावजूद चेक और स्टांप पेपर वापस नहीं मिले हैं। उद्योग नगर थाना सीआई आनंद यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
