कोटा। नगर निगम चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिला निर्वाचन अधिकारी पीयूष सामरिया ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मतदान प्रक्रिया की जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, नयापुरा बाग पहुंचकर मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां मतदान प्रक्रिया, पोलिंग बूथ पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और मतदाताओं के लिए की गई सुविधाओं की जानकारी ली।
इसके बाद महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बोरखेड़ा में जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक शहर ने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मतदान को शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह
इधर, महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के नवीन भवन, बोरखेड़ा में मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही बनी रही।
नगर निगम चुनाव के दौरान शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर लोकतंत्र के पर्व को लेकर मतदाताओं में उत्साह नजर आया। प्रशासन और पुलिस की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
