कोटा। कोटा की संस्कृति, रंग और रास को नई पहचान देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले प्रथम फैमिली रास महोत्सव ‘डांडिया की हाड़ौती’ की तैयारियों को लेकर सोमवार को होटल पाम पैसिफिक में इन्फ्लुएंसर मीट आयोजित की गई। इसमें हाड़ौती क्षेत्र के सोशल मीडिया क्रिएटर, इन्फ्लुएंसर और डिजिटल मीडिया से जुड़े डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों ने भाग लिया। इसी के साथ आयोजकों ने आगामी दो दिवसीय रास महोत्सव के प्रचार-प्रसार और सहभागिता की औपचारिक शुरुआत की।
सर्वप्रथम ग्रुप की ओर से आयोजित इन्फ्लुएंसर मीट में कोटा की संस्कृति और पारिवारिक मनोरंजन को केंद्र में रखते हुए रास महोत्सव की रूपरेखा साझा की गई। आयोजन को पारंपरिक डांडिया कार्यक्रम से आगे बढ़ाकर परिवार, संस्कृति और आधुनिक मनोरंजन के समन्वय के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है।
बच्चों के लिए विशेष किड्स जोन
सर्वप्रथम ग्रुप के डायरेक्टर विशाल वर्मा ने बताया कि 17 और 18 अक्टूबर को आयोजित होने वाले फैमिली रास महोत्सव में परिवार के प्रत्येक सदस्य के मनोरंजन का विशेष ध्यान रखा गया है। बच्चों के लिए अलग किड्स जोन तैयार किया जाएगा, जहां विभिन्न खेल और प्ले एक्टिविटीज की व्यवस्था रहेगी। इससे बच्चे अपने लिए तैयार विशेष जोन में मनोरंजन कर सकेंगे और माता-पिता व परिवार के अन्य सदस्य बिना चिंता के रास महोत्सव का आनंद उठा सकेंगे।
गुजरात पैटर्न पर सजेगा रास
विशाल वर्मा ने बताया कि आयोजन को पारिवारिक माहौल में आयोजित करने की तैयारी है। इसमें कपल एंट्री की व्यवस्था रहेगी और गुजरात के पारंपरिक रास-गरबा पैटर्न को कोटा में प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य ऐसा मंच तैयार करना है, जहां परिवार एक साथ संगीत, नृत्य, संस्कृति और उत्सव का आनंद ले सकें।
गुजरात के डांसर और विशेष अतिथि रहेंगे आकर्षण
सर्वप्रथम ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रतीक गोयल ने बताया कि कोटा में पारिवारिक रूप से डांडिया एवं रास महोत्सव को नए स्वरूप में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से यह दो दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में गुजरात के डांसरों के साथ विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट एवं सिद्धहस्त व्यक्तियों की मौजूदगी रहेगी।
उन्होंने बताया कि आयोजन में कोटा और हाड़ौती की स्थानीय संस्कृति को भी प्रमुखता दी जाएगी, ताकि बाहरी कलाकारों के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच मिल सके।
इन्फ्लुएंसर मीट में दिखा उत्साह
होटल पाम पैसिफिक में आयोजित इन्फ्लुएंसर मीट में छोटू दादा राजस्थानी, मेघा पाठक, बनवारी मीणा, कौशल राजकिशोर, पूजा राजवंशी, धर्मू राजस्थानी, हरिमोहन मेहरा, अंजली पाठक, धर्मराज बैरवा, विशाल यादव, सोनू, पंकज पांचाल, रोशनी कसेरा, हर्षित शर्मा कमल, नितेश सेन, मनीष सेन और सत्यम शर्मा सहित अन्य इन्फ्लुएंसर मौजूद रहे।
बैठक में आयोजन की थीम, रास महोत्सव की रूपरेखा, पारिवारिक स्वरूप, सोशल मीडिया प्रमोशन और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। इन्फ्लुएंसर्स ने भी कोटा में इस तरह के बड़े पारिवारिक सांस्कृतिक आयोजन को लेकर सुझाव साझा किए।
संस्कृति और सोशल मीडिया का संगम
आयोजकों का कहना है कि सोशल मीडिया क्रिएटर्स आज सांस्कृतिक आयोजनों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी उद्देश्य से हाड़ौती के स्थानीय क्रिएटर्स को इस अभियान से जोड़ा गया है, ताकि कोटा की संस्कृति, रास और पारिवारिक उत्सव की भावना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
आयोजन के माध्यम से ‘परिवार के साथ रास, संस्कृति के साथ उत्सव’ की अवधारणा को आगे बढ़ाने की तैयारी है।
इन्फ्लुएंसर मीट के दौरान सर्वप्रथम ग्रुप के परमानंद गोयल, केके शर्मा कमल, अनुपम गुप्ता, तनुज खंडेलवाल, संजय पारेता, पवन मेवाड़ा, नवनीत माहेश्वरी, सुमित सहित ग्रुप के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार 17 और 18 अक्टूबर को होने वाला फैमिली रास महोत्सव कोटा में पारिवारिक मनोरंजन के साथ गुजरात और हाड़ौती की सांस्कृतिक रंगत को एक मंच पर लाने का प्रयास होगा। इन्फ्लुएंसर मीट के जरिए इसकी प्रचार यात्रा शुरू कर दी गई है।
