कोटा। शहर के केशवपुरा इलाके में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में नगर निगम की महिला वार्ड पार्षद की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने पार्षद की स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में पार्षद पति भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतका की पहचान 42 वर्षीय रेनू नरवाला के रूप में हुई है, जो नयापुरा स्थित इस्माइल चौक क्षेत्र की निवासी बताई जा रही हैं। हादसे के बाद घायल पार्षद पति को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में रखा शव
हादसे के बाद रेनू नरवाला के शव को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जानी है। हादसे की सूचना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और वाल्मीकि समाज के लोग अस्पताल की मोर्चरी के बाहर जमा हो गए।
निगम के डंपर चालक पर गंभीर आरोप
परिजनों और वाल्मीकि समाज के लोगों ने हादसे को लेकर नगर निगम के डंपर चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि डंपर चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और डंपर तेज रफ्तार से चलाया जा रहा था। लोगों ने मामले में जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दादाबाड़ी थाना पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलने के बाद दादाबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों के साथ डंपर चालक की भूमिका और दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हादसे से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।
