नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि पुलिस थाने से चंद कदमों की दूरी पर ही फायरिंग की वारदात को अंजाम दे दिया गया। कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में शराब व्यवसायी संदीप सोलंकी को निशाना बनाकर दो अलग-अलग बाइकों पर आए बदमाशों ने दो राउंड फायर किए। पहली गोली निशाने से चूक गई, जबकि दूसरी गोली संदीप के भाई कुलदीप के पैर को छूती हुई निकल गई। गनीमत रही कि दोनों भाई बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार संदीप सोलंकी अपने घर के नीचे स्थित शराब ठेके के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की।
पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। साथ ही रोहित कबूतर गैंग का नाम भी जांच के दायरे में आया है। पुलिस के अनुसार नंदू शूटर, राहुल सिंधी और फैजान की संलिप्तता की जानकारी सामने आई है। हालांकि, आरोपियों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
थाने के इतने नजदीक फायरिंग की इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था और बदमाशों में पुलिस के खौफ को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
