कोटा। गांडीव डिवीजन के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर भारतीय सेना की ओर से **‘गांडीव मैराथन 1.0’ का आयोजन किया गया। महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम, नयापुरा में आयोजित मैराथन में सेना के जवानों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, फिटनेस एक्सपर्ट, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन के दौरान प्रतिभागियों के लिए 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 3 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। कार्यक्रम को लेकर स्टेडियम के आसपास यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया और बैरिकेडिंग के माध्यम से यातायात को डायवर्ट किया गया।
सेना की ओर से बताया गया कि कोटा के नागरिकों और भारतीय सेना के बीच पिछले पांच दशकों से कायम सहयोग, विश्वास, सौहार्द और भाईचारे को उत्सव के रूप में मनाने के उद्देश्य से इस मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी दिया गया।
मैराथन के दौरान स्टेडियम परिसर में 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने संगीत की धुन पर जुम्बा किया। इससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा। विभिन्न दौड़ श्रेणियों में प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के बाद जिला कलक्टर और सेना के जीओसी ने विजेता प्रतिभागियों को पारितोषिक वितरित किए। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर सैन्य क्षेत्र में जाने का अवसर भी मिला।
मैराथन में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 20 हजार और 10 हजार रुपये के पुरस्कार दिए गए
