कोटा, 11 सितंबर।
श्री गणेश मित्र मंडल समिति, छावनी के तत्वावधान में आयोजित 25वें रजत जयंती गणेश महोत्सव के तहत् शनिवार को शोभायात्रा निकाली जाएगी। समिति के अध्यक्ष ऋतुराज कौशिक तथा संरक्षक कन्हैयालाल शाक्यवाल ने बताया कि गणेश महोत्सव के शुभारंभ पर शनिवार को आर्य समाज, तिलक नगर छावनी से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में गजानन महाराज एक आकर्षक रथ पर सवार होकर तिलक नगर छावनी से प्रस्थान करेंगे। शोभायात्रा में सबसे आगे अश्व सवार चलेंगे, वहीं मनमोहक बग्घियों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां सजाई जाएंगी। बैंड-बाजे, डीजे और ढोल की गूंज के साथ निकलने वाली इस यात्रा में ढोल की थाप और भजनों की धुन पर समिति के कार्यकर्ता और श्रद्धालु नाचते-गाते साथ चलेंगे। पूरे मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर गणपति महाराज का आत्मीय स्वागत किया जाएगा। यह विशाल शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई अंत में गोयल धर्मशाला पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि आगामी 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर भगवान श्री गणेश की 15 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा गोयल धर्मशाला के सामने सजाए गए विशाल पांडाल में विधि-विधानपूर्वक विराजमान की जाएगी। इस पावन अवसर पर मंडल कार्यकर्ताओं द्वारा गणेश महोत्सव के विशेष पोस्टर का भव्य विमोचन किया गया। पोस्टर विमोचन के दौरान समिति के अध्यक्ष ऋतुराज कौशिक, उपाध्यक्ष पंडित लालचंद शर्मा, संरक्षक कन्हैयालाल शाक्यवाल तथा मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह उपस्थित रहे। इसके साथ ही नवल किशोर, महेश शाक्यवाल, सतीश शाक्यवाल, भारत अग्रवाल, ऋतिक गुप्ता, करण शाक्यवाल और नीरज शाक्यवाल सहित अनेक गणमान्य सदस्य और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहे।
25वें गणेश महोत्सव के प्रमुख सांस्कृतिक व धार्मिक आयोजन
महोत्सव के दौरान प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शिक्षा व विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं के लिए 'प्रतिभा सम्मान समारोह' आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा डोल यात्रा का भव्य स्वागत, भक्ति रस से सराबोर 'श्री श्याम भजन संध्या' और प्रतिदिन भव्य महाआरती का आयोजन होगा। अंत में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर ढोल-नगाड़ों के साथ विशाल विसर्जन यात्रा निकालकर प्रतिमा का जल विसर्जन किया जाएगा।
