कोटा। अनंत चतुर्दशी महोत्सव के अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गणेश स्थापना करने वाले मंडलों को एक मंच पर संगठित करने के उद्देश्य से सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ की ओर से विशेष स्मारिका एवं परिचय पत्रिका तैयार की गई है। इसी क्रम में महासंघ की 12 पेज की विशेष सूचना एवं परिचय पत्रिका का विमोचन रविवार को तलवंडी स्थित राधा कृष्ण मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच किया गया।
पत्रिका का विमोचन मोजी बाबा पावन धाम की महामंडलेश्वर डॉ. हेमा सरस्वती, हरिद्वार कुलम शक्ति पीठ की महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 मैत्रेय गिरी जी महाराज तथा महामंडलेश्वर माता श्री नीति अंबा के सानिध्य में हुआ। कार्यक्रम में राधा कृष्ण मंदिर के सभापति राकेश अग्रवाल, व्यवस्थापक इंद्रेश कुमार गर्ग और उपाध्यक्ष मोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे।
शहर के गणेश पंडालों तक पहुंचाई जाएंगी 5 हजार पत्रिकाएं
महासंघ के अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि इस पहल के तहत 12 पेज की कुल 5 हजार सूचना पत्रिकाओं का वितरण शहरभर में स्थापित गणेश पंडालों तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह वितरण अभियान 21 से 25 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य गणेशोत्सव समितियों को महासंघ के उद्देश्यों, गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों से जोड़ना है।
महासंघ के संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी ने बताया कि पत्रिका वितरण एवं जनसंपर्क के लिए 10 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई है। टीम के सदस्य शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित गणेश पंडालों तक पहुंचकर मंडल पदाधिकारियों से संपर्क करेंगे। इस दौरान उन्हें महासंघ की गतिविधियों की जानकारी देने के साथ परिचय पुस्तिका उपलब्ध कराई जाएगी तथा आगामी मुख्य स्मारिका में गणेश मंडलों को स्थान देने के लिए सहभागिता की अपील की जाएगी।
21 इको-फ्रेंडली मंडलों को मिलेगा 5,100 रुपए का पुरस्कार
महासंघ की ओर से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रोत्साहन पहल भी शुरू की गई है। इसके तहत शहर के ऐसे 21 गणेश मंडलों का चयन करने की योजना है, जिन्होंने मिट्टी अथवा इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की है।
महासंघ के अनुसार चयन पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा और चुने गए प्रत्येक इको-फ्रेंडली मंडल को 5,100 रुपए की नगद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य गणेशोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब के अध्यक्ष डॉ. एम.एल. अग्रवाल, गोविंद नारायण अग्रवाल, महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी, अनिल खंडेलवाल और विकास जैन सहित महासंघ के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
