कोटा। अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए भीतरिया कुंड और मौजी बाबा गुफा क्षेत्र में अस्थायी कुंड बनाए जा रहे हैं। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने शनिवार को दोनों स्थानों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने बताया कि भीतरिया कुंड में छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अस्थायी कुंड बनाने का काम शुरू हो गया है। भविष्य में यहां स्थायी विसर्जन कुंड बनाने की योजना पर भी विचार किया जाएगा। इसके लिए भीतरिया कुंड के पुनर्विकास कार्य से जुड़े आर्किटेक्ट के सुझाव लिए जाएंगे, ताकि हर वर्ष विसर्जन की व्यवस्था सुचारू रह सके।
अनंत चतुर्दशी की झांकियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा नहीं आए, इसके लिए आयुक्त ने मुख्य सिंहद्वार का निर्माण कार्य फिलहाल रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने भीतरिया कुंड के पुनर्विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। अब तक हुए कार्यों को संतोषजनक बताया गया।
दो दिन में तैयार होगा मौजी बाबा गुफा का कुंड
मौजी बाबा गुफा क्षेत्र में भी प्रतिमा विसर्जन के लिए कृत्रिम कुंड बनाया जा रहा है। आयुक्त ने बताया कि यह अगले दो दिन में तैयार हो जाएगा। यहां आने वाली प्रतिमाओं का विसर्जन इसी कुंड में कराया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
क्वालिटी कंट्रोल लैब में जांचे कंक्रीट क्यूब्स
आयुक्त ने नगर निगम की क्वालिटी कंट्रोल लैब का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने लैब में रखे सीमेंट-कंक्रीट क्यूब्स की मजबूती की जांच करवाई, जिसमें गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता संजय विजय और ए. क्यू. कुरैशी मौजूद रहे।
