कोटा। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही कोटा में 10 दिवसीय गणेश उत्सव का समापन हो गया। दोपहर में गुमानपुरा सूरजपोल से निकली अनंत चतुर्दशी की भव्य शोभायात्रा देर रात तक जारी रही। शोभायात्रा के साथ गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला भी देर रात तक चलता रहा।
शोभायात्रा का समापन किशोर सागर तालाब की पाल पर हुआ, जहां गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। विसर्जन को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। बड़ी गणपति प्रतिमाओं को क्रेन की सहायता से तालाब में विसर्जित किया गया, जबकि छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नावों का उपयोग किया गया।
सुरक्षित विसर्जन के लिए NDRF की टीम तैनात
विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 6 एनडीआरएफ की टीम तैनात रही। 6 एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर अजय सिंह ने बताया कि विसर्जन के दौरान किसी तरह की अनहोनी न हो और कार्यक्रम सुरक्षित तरीके से संपन्न हो, इसके लिए टीम को तैनात किया गया है। टीम की निगरानी में गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया।
