नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ग्लोबल कॉन्वेंट स्कूल , रजा नगर, कोटा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर निदेशक समीर व आवेज खान ने माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किये
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए *वाद-विवाद प्रतियोगिता* आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने गांधीजी एवं शास्त्रीजी के विचारों, उनके आदर्शों, देश के प्रति योगदान तथा सत्य, अहिंसा, सादगी एवं कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। कुछ विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं महापुरुषों के जीवन से प्रेरित कविताओं का पाठ किया, वहीं अन्य विद्यार्थियों ने अपने भाषणों के माध्यम से दोनों महान विभूतियों के जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। शिक्षकों ने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा देश एवं समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में *प्रथम स्थान पर सबिया उस्मानी , द्वितीय स्थान पर रिदा खान वं तृतीय स्थान पर कार्तिक चौरसिया * प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से *शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र* प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की *प्रधानाचार्या श्रीमती संतोष शर्मा* द्वारा सभी विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं सदाचार की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपने विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखेंगे, सदैव सत्य बोलेंगे, अपने बड़ों का सम्मान करेंगे तथा जीवन में आने वाली समस्याओं का समाधान शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक तरीके से करने का प्रयास करेंगे।
विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सत्य, अनुशासन, स्वच्छता, शांति एवं राष्ट्रसेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
