कोटा, 24 सितंबर। दीपावली पर ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए अस्थायी आतिशबाजी अनुज्ञापत्र के ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। इच्छुक व्यक्ति और फर्म 8 अक्टूबर 2026 को रात 12 बजे तक निर्धारित दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जिला कलक्टर एवं मजिस्ट्रेट की ओर से जारी आदेश के अनुसार अस्थायी आतिशबाजी अनुज्ञापत्र के आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित समय के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। ऑफलाइन जमा कराए गए आवेदन भी स्वीकार नहीं होंगे और स्वतः निरस्त माने जाएंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुज्ञापत्र पटाखों की बिक्री करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या फर्म के खिलाफ विस्फोटक नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
