कोटा। गुमानपुरा थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू और पाइप से हमला करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैजल उर्फ बच्चा पुत्र अहसान अली, उम्र 23 वर्ष, निवासी गुलशन मदरसे के पीछे, साजिदेहड़ा, थाना किशोरपुरा, कोटा शहर के रूप में हुई है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और अनुसंधान जारी है।
कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 26 जुलाई 2026 को रात करीब 8:30 बजे फरियादी इंद्रजीत सिंह सोलंकी अपनी एक्टिवा से पेट्रोल भरवाने जा रहा था। एयू बैंक के सामने घोड़ा वाला बाबा के पास पहुंचने पर पीछे से दो बाइक पर आए आरोपियों ने उसे रोक लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से हमला किया।
फरियादी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि हमले के दौरान उसके दाहिने कंधे और बायीं जांघ पर चाकू से कई वार किए गए। हमले में वह एक्टिवा से नीचे गिर गया, जिसके बाद आरोपियों ने पाइप से भी मारपीट की। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि एक आरोपी ने उस पर पिस्टल तानी, हालांकि पिस्टल चली नहीं।
फरियादी की रिपोर्ट पर गुमानपुरा थाने में प्रकरण संख्या 303/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 109(1), 189(2) और 111(2)(बी) के तहत अनुसंधान शुरू किया गया।
घटना में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाषचंद्र और वृत्ताधिकारी प्रथम मनीष शर्मा के निर्देशन में थाना गुमानपुरा पुलिस एवं जिला विशेष टीम की टीम गठित की गई। टीम ने तलाश के बाद फरार चल रहे आरोपी फैजल उर्फ बच्चा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।
कार्रवाई में थाना गुमानपुरा से पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक शेर सिंह तथा जिला विशेष टीम से सहायक उप निरीक्षक रामवीर सिंह, कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल शौकत शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कांस्टेबल प्रदीप का विशेष योगदान रहा।
