कोटा। चंबल की दाईं मुख्य नहर में 8 हजार क्यूसेक पानी का तेज बहाव और चारों तरफ अंधेरा... ऐसे में डूबते युवक को बचाने के लिए एक हेड कांस्टेबल ने अपनी जान दांव पर लगा दी। बोरखेड़ा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल राजाराम ने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी और तेज बहाव में बह रहे 36 वर्षीय युवक राजा सिंह बराड़ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिसकर्मी की इस बहादुरी ने एक परिवार की खुशियां उजड़ने से बचा लीं। कोटा शहर एसपी तेजस्विनी गौतम ने हेड कांस्टेबल को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, बोरखेड़ा की प्रोफेसर्स कॉलोनी निवासी कमलजीत सिंह बराड़ ने शुक्रवार को थाने में रिपोर्ट दी कि उनका 36 वर्षीय बेटा राजा सिंह बराड़ सुबह 9 बजे घर से गुमानपुरा जाने की बात कहकर अपनी एसयूवी से निकला था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। दोपहर करीब 12 बजे उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। सूचना मिलते ही बोरखेड़ा थाना पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी।
आधी रात को मिली नहर में डूबने की सूचना
शुक्रवार मध्यरात्रि के बाद करीब 12:25 बजे कमलजीत सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि उनका बेटा स्टील ब्रिज के आसपास चंबल की दाईं मुख्य नहर में डूब रहा है। सूचना पर नजदीकी पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल राजाराम और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां राजा सिंह तेज बहाव में बहता नजर आया। आसपास घना अंधेरा था और पानी का बहाव भी बेहद तेज था। हालात की गंभीरता को देखते हुए राजाराम ने रेस्क्यू टीम का इंतजार करने के बजाय तत्काल नहर में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने युवक को पानी से बाहर निकाल लिया।
स्टील ब्रिज से थेकड़ा तक बह गया था युवक
बोरखेड़ा थाना अधिकारी अजीत बागडोलिया ने बताया कि युवक को थेकड़ा स्थित शिवपुरी धाम के पास नहर से बाहर निकाला गया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार करवाया गया। उन्होंने बताया कि नहर में करीब 8 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। तेज बहाव के कारण युवक कुछ ही मिनटों में स्टील ब्रिज से बहकर थेकड़ा तक पहुंच गया था। ऐसे में बचाव अभियान में देरी होने पर उसकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था और आगे तलाश करना भी मुश्किल हो जाता।
एसपी ने की पुरस्कार की घोषणा
कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने हेड कांस्टेबल राजाराम के साहस और तत्परता की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है। डूबते युवक को बचाने के लिए अंधेरे और तेज बहाव की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगाने वाले राजाराम के इस कदम की पुलिस महकमे में सराहना हो रही है।
