नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ माइनिंग विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी हैं। इनमें अवैध मैसेनरी स्टोन भरा हुआ था। वाहन चालकों के पास खनिज परिवहन से संबंधित वैध रॉयल्टी दस्तावेज नहीं मिलने पर तीनों वाहनों को पुलिस थानों की सुपुर्दगी में खड़ा करवाया गया। इन वाहनों पर कुल 83,100 रुपए का जुर्माना किया गया है।
अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एडीएम कोटा के निर्देशन में माइंस फोरमैन निकिता जैन ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नांता क्षेत्र में दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जांच के लिए रोका गया। दोनों वाहनों में मैसेनरी स्टोन भरा हुआ था। टीम ने चालकों से खनिज की वैध रॉयल्टी और परिवहन संबंधी दस्तावेज दिखाने को कहा, लेकिन वे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों वाहनों को पुलिस थाना नांता में सुपुर्दगी में खड़ा करवाया गया।
रावतभाटा में भी पकड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली
कार्रवाई के दौरान रावतभाटा क्षेत्र में भी मैसेनरी स्टोन से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई। आवश्यक वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर इस वाहन को पुलिस थाना रावतभाटा में सुपुर्दगी में खड़ा करवाया गया। तीनों वाहनों पर कुल 83,100 रुपए का जुर्माना किया गया।
कार्रवाई में नरेंद्र सिंह के साथ बॉर्डर होमगार्ड मुकेश चौधरी, अवतार सिंह और गुरप्रीत सिंह शामिल रहे। माइनिंग टीम की कार्रवाई की सूचना के बाद अवैध खननकर्ताओं और खनिज परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
एडीएम कोटा ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
