कोटा। कोटा शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन H.A.W.K के तहत जवाहर नगर थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में जवाहर नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर कमल उर्फ चौका भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में इलाके में वर्चस्व और भय कायम करने तथा आपसी दुश्मनी का बदला लेने के लिए हथियार खरीदने की बात सामने आई है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ और मामले में अनुसंधान जारी है।
सीएडी ग्राउंड की दुर्गा बस्ती से पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की रोकथाम तथा अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान ऑपरेशन H.A.W.K चलाया जा रहा है। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाषचंद्र मिश्रा और वृत्ताधिकारी मनीष शर्मा के निर्देशन में जवाहर नगर थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।
17 अक्टूबर को जिला विशेष टीम के कांस्टेबल प्रदीप कुमार ने सूचना दी कि हिस्ट्रीशीटर कमल उर्फ चौका अपने दो साथियों के साथ सीएडी ग्राउंड की दुर्गा बस्ती में मौजूद है और उसके पास अवैध हथियार हैं। सूचना पर जवाहर नगर थाना पुलिस और DST की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
कमल के पास दो, समीर के पास दो पिस्टल मिलीं
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान कमल उर्फ चौका के कब्जे से दो पिस्टल और दो कारतूस, समीर अंसारी उर्फ गन्ज्या के पास से दो पिस्टल और दो कारतूस तथा कोहिनूर के कब्जे से एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया गया। इस तरह कुल पांच पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस जब्त किए गए।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हथियारों की खरीद-फरोख्त और उनसे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
तीनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी कोटा शहर के विभिन्न थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
- कमल उर्फ चौका (26): निवासी घोड़ा बस्ती, जवाहर नगर थाना क्षेत्र। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ मारपीट, धमकी, अवैध हथियार और मादक पदार्थों से जुड़े कुल 16 मामले दर्ज हैं। वह जवाहर नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
- समीर अंसारी उर्फ गन्ज्या (25): निवासी सी-ब्लॉक, मोहनलाल सुखाड़िया कॉलोनी, नांता थाना क्षेत्र। उसके खिलाफ कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
- कोहिनूर (21): निवासी घोड़ा बस्ती, जवाहर नगर थाना क्षेत्र। उसके खिलाफ कुल छह आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ दर्ज पुराने मामलों में मारपीट, धमकी, अवैध हथियार और मादक पदार्थों से संबंधित प्रकरण शामिल हैं।
दुश्मनी और इलाके में वर्चस्व की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी आपसी दुश्मनी का बदला लेने और इलाके में अपना वर्चस्व तथा भय कायम करने के उद्देश्य से अवैध हथियार खरीदकर लाए थे। हालांकि, हथियार कहां से खरीदे गए और उनका इस्तेमाल किन घटनाओं में किया जाना था, इस संबंध में विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।
कार्रवाई में जवाहर नगर थानाधिकारी मुकेश कुमार सहित पुलिसकर्मी जीतराम, सुल्तान, रामगोपाल, विक्रम, अवतार और DST के कांस्टेबल प्रदीप कुमार की भूमिका रही। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अवैध हथियारों के नेटवर्क और अन्य संभावित संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
