नागरिक अभिव्यक्ति । इटावा
कोटा-इटावा स्टेट हाईवे-70 पर कोलाना से गणेशगंज तक करीब 15 किलोमीटर सड़क राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। पिछले एक वर्ष से बदहाल सड़क पर सफर करना मुश्किल हो रहा है। सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ता है। इसके बावजूद सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से मरम्मत नहीं कराए जाने से लोगों में नाराजगी है।
हालात यह हैं कि करीब 15 किलोमीटर का सफर तय करने में एक घंटे तक का समय लग रहा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण राहगीरों के चोटिल होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों के लिए इस मार्ग पर सुरक्षित सफर करना चुनौती बन गया है।
यह सड़क इटावा उपखंड को जिला मुख्यालय कोटा से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। ऐसे में रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से सड़क की सुध नहीं लिए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों को उम्मीद है कि सार्वजनिक निर्माण विभाग जल्द सड़क की मरम्मत करवाकर राहत देगा।
