कोटा। कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर गुरुवार रात बारिश के दौरान शॉर्ट सर्किट से अचानक अफरा-तफरी मच गई। फुट ओवर ब्रिज के नीचे लगे विद्युत पैनल में जोरदार धमाके के साथ आग की लपटें उठने लगीं। पैनल से चिंगारियां और धुआं निकलता देखकर स्टेशन पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
हादसे के दौरान गनीमत रही कि विद्युत पैनल के ठीक पास कोई यात्री मौजूद नहीं था। पैनल के आसपास स्थित रेलवे विभागों के दफ्तरों में काम कर रहे कर्मचारी भी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए।
बताया गया कि घटना के वक्त कुछ यात्री फुट ओवर ब्रिज से नीचे की ओर आ रहे थे। स्थिति को भांपते हुए वहां मौजूद लोगों ने यात्रियों को नीचे आने से रोक दिया और उन्हें ऊपर ही सुरक्षित स्थान पर रहने के लिए कहा। इससे यात्रियों को आग की चपेट में आने से बचाया जा सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर तक विद्युत पैनल से धमाकों की आवाज आती रही। इसके साथ ही चिंगारियां निकलती रहीं और धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने मुख्य विद्युत आपूर्ति बंद कराई, जिसके बाद आग और शॉर्ट सर्किट की स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।
घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि प्लेटफॉर्म पर अचानक हुई इस घटना से यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा।
