कोटा। मानव तस्करी विरोधी यूनिट, जिला कोटा शहर की टीम ने कार्रवाई करते हुए घर से बिना बताए निकली 18 वर्षीय युवती को कंसुआ क्षेत्र से दस्तयाब किया। युवती को कंसुआ चौराहे से दस्तयाब करने के बाद आगे की अनुसंधान कार्रवाई के लिए उद्योग नगर थाना पुलिस को सुपुर्द किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 9 सितंबर 2026 को युवती के परिजन ने उसके घर से बिना बताए चले जाने के संबंध में उद्योग नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की।
युवती की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी महिला अपराध अनुसंधान सैल मुकेश सांखला के निर्देशन तथा मानव तस्करी विरोधी यूनिट प्रभारी मीनाक्षी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ सूचना संकलन और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर 2026 को सूचना संकलन के माध्यम से युवती के कंसुआ क्षेत्र में होने की विश्वसनीय जानकारी मिली। इसके बाद टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। टीम ने क्षेत्र के संभावित स्थानों पर तलाश की और कंसुआ चौराहे पर युवती के मिलने के बाद उसे सुरक्षित अपने साथ लेकर आई।
इसके बाद युवती को प्रकरण में आगे की कानूनी एवं अनुसंधान कार्रवाई के लिए उद्योग नगर थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया। युवती के मिलने से परिजनों को राहत मिली।
इस कार्रवाई में मानव तस्करी विरोधी यूनिट के सहायक उप निरीक्षक केशव सिंह और कांस्टेबल मंजू शामिल रहे।
