नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा कर्मचारी सहकारी समिति लिमिटेड, पंजीयन क्रमांक 108 आर, कोटा राज., अपनी 106 साल की सहकारिता यात्रा का स्थापना गौरव समारोह के साथ मनाएगी। समिति की 106वीं वार्षिक साधारण सभा 11 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे यूआईटी ऑडिटोरियम, रंगबाड़ी रोड, बालाजी नगर में होगी। समारोह में समिति से जुड़े 251 नियमित वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद होने वाली आमसभा में वित्तीय स्थिति, लाभांश, बजट और आगामी कार्ययोजना से जुड़े प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाएंगे।
समिति के सचिव विमलचंद जैन के अनुसार कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राजस्थान के सहकारिता मंत्री गौतम दक अध्यक्षता करेंगे। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, कोटा नगर निगम की महापौर अनुसूईया गोस्वामी सहित कई जनप्रतिनिधि और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारी समारोह में मौजूद रहेंगे। कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेशकृष्ण बिरला, कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला, श्री हितकारी विद्यालय शिक्षा सहकारी समिति की अध्यक्ष सूरज बिरला और महिला नागरिक सहकारी बैंक की अध्यक्ष मंजू बिरला भी अतिथियों में शामिल हैं। समिति की ओर से राजेशकृष्ण बिरला, डॉ. मीनू बिरला, रासबिहारी पारीक, विमलचंद जैन सहित संचालक मंडल के सदस्यों ने समारोह की पुस्तिका का विमोचन किया।
समिति के इतिहास और विस्तार को लेकर सहकार नेता राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीकृष्ण बिरला की भूमिका संस्था के विकास में महत्वपूर्ण रही। वर्ष 1960 से 2020 तक उन्होंने संचालक मंडल सदस्य, सचिव और अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभाई। उनके कार्यकाल में समिति के भवन का निर्माण हुआ और बचत खाता, निरंतर बचत खाता तथा स्थायी जमा खाता जैसी सुविधाएं शुरू की गईं। समिति का कंप्यूटरीकरण भी इसी दौर में हुआ। इसी अवधि में 330 सदस्यों वाली संस्था का विस्तार होकर सदस्य संख्या 5195 तक पहुंची।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और ध्वजारोहण से होगी। बालिकाओं की ओर से सहकार एवं स्वागत गान प्रस्तुत किया जाएगा। सचिव विमलचंद जैन समिति की कार्यप्रगति का विवरण रखेंगे। अतिथियों के संबोधन के बाद 251 वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान होगा। अध्यक्ष डॉ. मीनू बिरला के आभार प्रदर्शन के साथ सम्मान समारोह का पहला सत्र पूरा होगा।
दूसरे सत्र में आमसभा के वित्तीय प्रस्तावों पर चर्चा होगी। समिति के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1.64 करोड़ रुपए से अधिक का शुद्ध लाभ हुआ है। निदेशक मंडल ने सदस्यों के भाग हिस्से पर 10 प्रतिशत लाभांश देने का प्रस्ताव रखा है। समय पर ऋण चुकाने वाले सदस्यों के लिए प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव भी सभा के सामने रखा जाएगा।
आमसभा में 29 सितंबर 2025 को हुई पिछली वार्षिक सभा की कार्यवाही की पुष्टि, वार्षिक प्रतिवेदन का अनुमोदन और वर्ष 2025-26 के वास्तविक लेखा विवरण पर विचार किया जाएगा। वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट, अंकेक्षक की नियुक्ति, पारिश्रमिक निर्धारण और अंकेक्षण प्रतिवेदन के अनुमोदन से जुड़े प्रस्ताव भी रखे जाएंगे। लाभ वितरण पर भी सदस्यों से सहमति ली जाएगी।
समिति की मौजूदा वित्तीय स्थिति उसके विस्तार को दर्शाती है। मार्च 2026 तक 5195 सदस्य जुड़े हुए हैं। कार्यशील पूंजी 227.74 करोड़ रुपए, कोष 10.12 करोड़ रुपए, जमा हिस्सा 7.67 करोड़ रुपए और जमा अमानतें 183.69 करोड़ रुपए हैं। वर्ष 2025-26 में 24.15 करोड़ रुपए के ऋण वितरित किए गए, जबकि 31 मार्च 2026 को बकाया ऋण 55.70 करोड़ रुपए था।
अब समिति की नजर नई पीढ़ी को जोड़ने पर है। अध्यक्ष डॉ. मीनू बिरला ने सेवारत सदस्यों से अपने विभागों के अन्य कर्मचारियों को भी समिति से जोड़ने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि युवाओं की भागीदारी से संस्था को नई सोच और नई ऊर्जा मिलेगी। समिति का जोर केवल वित्तीय गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय कम ब्याज पर ऋण, उच्च शिक्षा के लिए व्यक्तिगत ऋण, सदस्यों में पारस्परिक सहयोग और मितव्ययिता की भावना को बढ़ावा देने जैसे सहकारिता के मूल उद्देश्यों को आगे बढ़ाने पर भी है।
