कोटा। शहर के नांता थाना क्षेत्र स्थित करणी नगर से 12 चक्का डंपर चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर बाड़े में खड़े डंपर को लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तो चोरी गया डंपर नांता से कुन्हाड़ी होते हुए चंबल ब्रिज पार करता हुआ दिखाई दिया।
बारां जिले के अंता क्षेत्र के ग्राम दुगारी निवासी डंपर मालिक भूपेंद्र राठौर ने नांता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार उनका टाटा कंपनी का 12 चक्का डंपर RJ 29 GC 3495 कोटा में संचालित हो रहा था।
उन्होंने बताया कि 16 सितंबर की शाम करीब 4 बजे चालक रवि ने डंपर को रोजाना की तरह करणी नगर स्थित अजय चांदिजा के बाड़े में खड़ा किया था। इसके बाद चालक अगले दिन 17 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे बाड़े में पहुंचा तो डंपर वहां नहीं मिला। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चला।
इसके बाद डंपर मालिक ने नांता थाना पुलिस को सूचना दी और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने परिवादी की लिखित शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों के CCTV फुटेज जुटाए हैं। फुटेज में डंपर नांता से कुन्हाड़ी की ओर जाता और चंबल ब्रिज पार करता हुआ नजर आया है। अब पुलिस फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश और चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
मामले की जांच ASI शिवराज सिंह को सौंपी गई है।
