नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
सेहत की जागरूकता और सरकारी स्कूलों में बेहतर सुविधाओं का संकल्प लेकर रविवार सुबह कोटा की सड़कों पर 5000 से अधिक लोग दौड़े। यंग इंडियंस कोटा चैप्टर और रियल टेंपल्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यंगथॉन 3.0 की थीम ‘रन फॉर एजुकेशन’ रही। उम्मेद क्लब से शुरू हुई दौड़ में 6 से 75 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सुबह 5:30 बजे जुम्बा से वार्मअप के बाद 6:15 बजे 10 किमी टाइम्ड रन और 6:30 बजे 5 किमी फन रन-वॉक शुरू हुई।
धावक अग्रसेन चौराहा, लक्की बुर्ज, गीता भवन, ज्वाला तोप चौराहा और सेवन वंडर्स पार्क होते हुए किशोरपुरा तालाब तक पहुंचे।आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी रहा। देवली अरब रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के 100 विद्यार्थियों ने कोटा यूनाइटेड राउंड टेबल 306 की पहल पर नि:शुल्क रजिस्ट्रेशन और किट के साथ भाग लिया। चयनित सरकारी विद्यालयों में बेंच उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा। रेडक्रॉस स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला, उपमहापौर विवेक राजवंशी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता लोकेन्द्र राजावत, जिलाध्यक्ष राकेश जैन और शिक्षाविद् राजेश माहेश्वरी ने दौड़ को हरी झंडी दिखाई। प्रतियोगिता के विजेताओं को मेडल, प्रमाणपत्र और पुरस्कार दिए गए। महिला वर्ग की विजेता को गुलाबी साइकिल प्रदान की गई।
