कोटा। बूंदी जिले के केशोरायपाटन थाना क्षेत्र के ईश्वर नगर में गुरुवार रात दो भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर लोहे के सरिये से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल बड़े भाई को पहले केशोरायपाटन अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को डिटेन कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
मृतक की पहचान चेतराम मीणा (46) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान रामहेत मीणा (38) के रूप में हुई है। दोनों भाई खेती-किसानी करते थे और एक ही घर में रहते थे, हालांकि उनके कमरे अलग-अलग थे।
शराब के नशे में हुआ विवाद
केशोरायपाटन थाने के एसआई संतोष चंद्रावत ने बताया कि देर रात पुलिस को ईश्वर नगर में मारपीट की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छोटे भाई रामहेत ने बड़े भाई चेतराम के सिर पर लोहे के सरिये से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच पहले भी लड़ाई-झगड़े हो चुके थे। गुरुवार रात कथित तौर पर शराब के नशे में दोनों के बीच फिर विवाद हो गया। इसी दौरान मारपीट हुई और चेतराम के सिर पर सरिये से वार किया गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना के बाद पुलिस ने कोटा के एमबीएस अस्पताल में परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने आरोपी रामहेत को डिटेन कर लिया है। मामले में विवाद के कारणों और घटनाक्रम को लेकर जांच जारी है। पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
