कोटा। किशोर सागर पर गुरुवार सुबह नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ आमजन ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। सुबह की सैर के लिए आए लोग भी सफाई में शामिल हुए और क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इसके साथ नगर निगम के ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।
निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गुरुवार को किशोर सागर और आसपास के क्षेत्र में सफाई की गई। कार्यक्रम में उपायुक्त भावना सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी मोतीलाल चौधरी सहित निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
शाम को श्रमदान के बाद खेला बैडमिंटन
अभियान के तहत शाम को दादाबाड़ी स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेलों के माध्यम से स्वच्छ और स्वस्थ रहने का संदेश दिया गया। उपायुक्त धीरज कुमार सोनी के नेतृत्व में निगम कर्मचारियों और सफाईकर्मियों ने स्टेडियम में श्रमदान किया। सफाई के बाद कर्मचारियों ने बैडमिंटन खेलकर स्वच्छता के साथ शारीरिक सक्रियता का महत्व बताया।
