नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। खेल नगरी कोटा के उभरते खिलाड़ी कुनाल चौधरी ने 70वीं स्कूल गेम्स नेशनल वुशु चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर शहर का मान बढ़ाया है। जम्मू-कश्मीर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुनाल ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अपनी पहली जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में ही स्वर्णिम सफलता हासिल करने पर महाबली स्पोर्ट्स एकेडमी में खुशी का माहौल है। परिवारजनों, प्रशिक्षकों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने कुनाल की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई।
कुनाल की यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है। इससे पहले भी वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं। सब-जूनियर नेशनल वुशु प्रतियोगिता में उन्होंने रजत पदक जीता था। इसके अलावा राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक हासिल कर चुके हैं। वुशु और बॉक्सिंग में उनके प्रदर्शन से उनकी बहुमुखी खेल प्रतिभा सामने आई है।
खेल परिवार से जुड़ा है कुनाल का नाता
कुनाल चौधरी राजस्थान की उभरती वुशु खिलाड़ी दिव्यांशी के छोटे भाई हैं। खेल के प्रति परिवार की रुचि और प्रोत्साहन ने कुनाल की उपलब्धियों को खास बना दिया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने पर परिवार में गर्व और उत्साह का माहौल है।
कुनाल की उपलब्धि पर कोटा वुशु संघ और प्रशिक्षकों ने उन्हें बधाई दी। खेल जगत से जुड़े लोगों ने उम्मीद जताई कि कुनाल आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
