कोटा। कुन्हाड़ी क्षेत्र के रिद्धि-सिद्धि नगर प्रथम में शनिवार देर रात भालू घुस आने से कॉलोनीवासियों में दहशत फैल गई। कुत्तों के लगातार भौंकने पर लोग घरों से बाहर निकले तो सड़क पर भालू घूमता नजर आया। कुछ देर बाद वह अंधेरे में ओझल हो गया।
स्थानीय निवासी निशा गौड़ ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं हो रही हैं। रात में कुत्तों के जोर-जोर से भौंकने पर लोगों को पहले किसी चोर के आने का शक हुआ। बाहर निकलकर देखा तो सड़क पर भालू था। उसे देखकर लोग घबरा गए।
रिहायशी इलाके में भालू की मौजूदगी से कॉलोनीवासियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की मांग की है।
