कोटा। रामगंजमंडी क्षेत्र में खदान में डूबने से जान गंवाने वाले गोताखोर प्रकाश चंद अहीर की पत्नी उर्मिला बाई को सोमवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री तथा रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर की मौजूदगी में नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र काला और पूर्व अध्यक्ष अखिलेश मेडतवाल ने यह चेक प्रदान किया। शेष एक लाख रुपए की सहायता राशि भी जल्द दिए जाने की बात कही गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत हाथियाखेड़ी के बोरिना गांव निवासी प्रकाश चंद अहीर गोताखोर के रूप में कार्य करते थे। एक खदान में ट्रैक्टर निकालने के दौरान पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद मंत्री मदन दिलावर शोक संवेदना व्यक्त करने मृतक के घर पहुंचे थे।
11 लाख रुपए की सहायता की हुई थी घोषणा
मृतक के परिवार को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से मंत्री मदन दिलावर ने खदान मालिक एएसआई कंपनी के माध्यम से उनकी पत्नी उर्मिला बाई को 11 लाख रुपए की सहायता दिलाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में सोमवार को 10 लाख रुपए का चेक सौंपा गया। शेष एक लाख रुपए भी शीघ्र उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर उर्मिला बाई के साथ रामस्वरूप अहीर, अलोद, प्रदीप अहीर, अरलाई, अजय यादव, अलोद, अनिल राठौड़, चेचट और हरीश चौहान, बुरनखेड़ी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
