कोटा। शहर के भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र में श्रीराम मंदिर रोड स्थित मधु डेयरी नाम की चाय की दुकान में शनिवार शाम करीब 6:46 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि महज 10 मिनट में पूरी दुकान जलकर राख हो गई। हादसे में दुकान पर काम करने वाले भदाना निवासी 18 वर्षीय लेखराज केवट की मौत हो गई। आग की लपटों के बीच वह दुकान के अंदर ही फंसा रह गया और बाहर नहीं निकल सका।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रेस्क्यू के दौरान दुकान के भीतर से लेखराज को गंभीर रूप से झुलसी हालत में निकाला गया। पुलिस उसे एंबुलेंस से न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना पर भीमगंजमंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य करवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौका मुआयना कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गैस की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने किया था आगाह
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, हादसे से करीब 10 मिनट पहले दुकान से गैस की तेज आवाज सुनाई दी थी। पड़ोसियों ने दुकान संचालक को गैस की जांच करने के लिए भी आगाह किया था। बताया जा रहा है कि उस समय गैस सिलेंडर की पाइपलाइन का लॉक हट गया था। इसके बाद चाय बनाना शुरू किया गया और अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को चपेट में ले लिया।
एक युवक बाहर निकला, लेखराज अंदर फंस गया
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुकान पर दो युवक काम करते थे। आग लगने के दौरान एक युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, जबकि लेखराज अंदर ही फंस गया। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। इस हादसे में उसकी जान चली गई।
24 घंटे खुली रहती थी चाय की दुकान
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि मधु डेयरी के नाम से संचालित चाय की दुकान 24 घंटे खुली रहती थी। हादसे की खबर मिलते ही दुकान मालिक विनोद अग्रवाल भी मौके पर पहुंचा। पुलिस ने उससे घटनाक्रम के संबंध में जानकारी ली। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और गैस सिलेंडर व पाइपलाइन से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
