कोटा। कोटा नगर निगम में शनिवार को महापौर पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अनुसुईया गोस्वामी ने 65 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशी को 35 मत मिले। चुनाव परिणाम के बाद अनंत चतुर्दशी के अवसर पर अनुसुईया गोस्वामी ने गणपति पूजन के साथ विधिवत रूप से महापौर पद का कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद अनुसुईया गोस्वामी ने भाजपा नेतृत्व, पार्टी कार्यकर्ताओं और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह बोर्ड जनता का बोर्ड है और बिना भेदभाव सभी को साथ लेकर शहर के विकास के लिए काम किया जाएगा।
हरिकृष्ण बिरला ने दी बधाई
उपभोक्ता होलसेल भंडार के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला ने नवनिर्वाचित महापौर, पार्षदों और भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास 59 पार्षद होने के बावजूद महापौर चुनाव में 65 मत मिले। उन्होंने इसे बोर्ड के प्रति समर्थन के रूप में बताया।
हरिकृष्ण बिरला ने कहा कि नया बोर्ड शहरवासियों की भावनाओं के अनुरूप सर्वांगीण विकास के लिए काम करे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का ध्यान रखने तथा आमजन के काम सहज और सुगमता से कराने पर जोर दिया।
विकास के लिए काम करने की बात
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कोटा शहरवासियों ने भाजपा को समर्थन देकर अपना विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित महापौर अनुसुईया गोस्वामी का कार्यकाल शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कार्यकाल में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन में कोटा के विकास के लिए किए गए प्रयासों के बाद अब नगर निगम का नया बोर्ड भी विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगा।
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि यह जीत भाजपा नेतृत्व, संगठन पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नगर निगम के माध्यम से शहर के विकास को गति देने के लिए काम किया जाएगा।
भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि महापौर चुनाव में अनुसुईया गोस्वामी को 65 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 35 मत प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन के प्रयासों से यह सफलता मिली हैं।
