कोटा। नवनिर्वाचित महापौर अनुसुइया गोस्वामी ने सोमवार को नगर निगम में अपने पहले दिन कार्यालय और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने की हिदायत दी। निगम परिसर में कुछ कर्मचारियों को गुटखा खाते देख महापौर ने उन्हें फटकार लगाई और दीवारों पर गुटखे की पीक नहीं थूकने की चेतावनी दी।
महापौर ने कर्मचारियों से कहा कि निगम की दीवारों पर गुटखे की पीक दिखाई नहीं देनी चाहिए। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने की हिदायत देते हुए कहा कि देरी से आने वालों की गैरहाजिरी दर्ज की जाएगी।
निगम के प्रमुख कमरों का लिया जायजा
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद महापौर अनुसुइया गोस्वामी सोमवार को पहली बार नगर निगम पहुंचीं। उन्होंने निगम के प्रमुख कमरों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान उपमहापौर विवेक राजवंशी और निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।
महापौर ने कर्मचारियों को कार्यालय में अनुशासन बनाए रखने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर रखने के निर्देश दिए। पहले निरीक्षण के दौरान उनकी ओर से दिए गए निर्देशों में समयपालन, साफ-सफाई और निगम परिसर में गुटखा थूकने पर रोक प्रमुख रहे।
नगर निगम में नई महापौर के पहले दौरे के दौरान दिए गए इन निर्देशों के बाद अब कर्मचारियों के समयपालन और परिसर की स्वच्छता पर निगम प्रशासन की निगरानी रहेगी।
हाल में अनुसुइया गोस्वामी कोटा की महापौर निर्वाचित हुई हैं। 25 सितंबर को हुए चुनाव में उन्हें 65 और कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता सुमन को 35 मत मिले थे।
