कोटा। नगर निगम के तीन वार्डों में ईवीएम की तकनीकी खराबी का असर अब महापौर और उपमहापौर चुनाव पर पड़ा है। वार्ड 11, 44 और 87 के परिणाम घोषित नहीं होने के कारण राज्य निर्वाचन आयोग ने दोनों पदों के चुनाव आगामी आदेश तक स्थगित कर दिए हैं। अब नई तारीखों के लिए आयोग के निर्देशों का इंतजार रहेगा।
तीनों वार्डों की मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी समस्या सामने आई थी। इसके चलते परिणाम घोषित नहीं हो सके। अधूरे नतीजों के बीच महापौर और उपमहापौर चुनाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाने पर आयोग ने चुनाव स्थगित करने का निर्णय लिया है।
मशीनें नहीं खुल रहीं, आयोग को भेजी जानकारी
प्रभारी अधिकारी एवं अतिरिक्त कलेक्टर सीलिंग रवि वर्मा ने बताया कि तीनों वार्डों की मशीनों में तकनीकी समस्या है और मशीनें खुल नहीं पा रही हैं। इसकी जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दी गई है। आयोग से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों मशीनों को सुरक्षित रूप से ट्रेजरी में रखवाया गया है।
दावेदारों और पार्षदों का इंतजार बढ़ा
नगर निगम में भाजपा को बहुमत मिलने के बाद महापौर पद के संभावित चेहरों को लेकर चर्चाएं तेज थीं। अब चुनाव स्थगित होने से दावेदारों और निर्वाचित पार्षदों का इंतजार बढ़ गया है। तीनों वार्डों के प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें भी आयोग के अगले निर्देश पर टिकी हैं।
