कोटा। कोटा के एमबीएस अस्पताल में वातानुकूलित और कैमरों से सुसज्जित नई मोर्चरी बनकर तैयार हो गई है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे नई मोर्चरी को चिकित्सा विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। इसके शुरू होने से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को भी पोस्टमार्टम प्रक्रिया को समझने और व्यावहारिक प्रशिक्षण लेने में सुविधा मिलेगी।
एमबीएस अस्पताल के डॉक्टर मुंद्रा ने बताया कि नई मोर्चरी का निर्माण वर्ष 2023 से कराया जा रहा था। करीब तीन वर्ष में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बुधवार को इसे चिकित्सा विभाग को सौंप दिया गया।
उन्होंने बताया कि नई मोर्चरी को पूरी तरह वातानुकूलित बनाया गया है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यहां विभिन्न एंगल से कैमरे लगाए गए हैं। इससे मोर्चरी परिसर की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सकेगी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
डॉ. मुंद्रा के अनुसार नई सुविधा का लाभ कोटा मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मिलेगा। मेडिकल छात्र यहां पोस्टमार्टम प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखकर उसका व्यावहारिक अध्ययन कर सकेंगे। इससे मेडिकल शिक्षा और प्रशिक्षण में भी मदद मिलेगी।
नई मोर्चरी के चिकित्सा विभाग को सुपुर्द किए जाने के बाद अस्पताल में पोस्टमार्टम से जुड़ी व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में सुविधा बढ़ी है।
