नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाहर महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके जेवर लूटने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि दो बदमाश उसे अचेत कर गले से सोने का मंगलसूत्र और कान की बालियां ले गए। महिला ने पुलिस रिकॉर्ड की तस्वीरों से संदिग्धों की पहचान करने का दावा किया है।
नयागांव (आवली रोजड़ी) निवासी धन कंवर पत्नी रामदयाल सुमन ने बताया कि उनकी बेटी रिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती है। वह सुबह करीब 11 बजे बेटी से मिलकर अस्पताल से बाहर निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आए दो युवकों ने उन्हें कोई पदार्थ सुंघा दिया। इसके बाद वह असहाय हो गईं और आरोपी उनके जेवर लेकर फरार हो गए।
धन कंवर के अनुसार, उन्होंने महावीर नगर थाना पुलिस के रिकॉर्ड रूम में उपलब्ध तस्वीरों में दोनों संदिग्धों को पहचान लिया। उनका आरोप है कि इसके बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और जेवरों की बरामदगी को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़िता ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच में तेजी लाने, संदिग्धों को गिरफ्तार करने और लूटे गए जेवर बरामद कराने की मांग की है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की भी समीक्षा करने का आग्रह किया है।
