नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
रैंप पर आत्मविश्वास, आकर्षक व्यक्तित्व और ग्लैमरस अंदाज के साथ प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। झालावाड़ रोड स्थित एक निजी होटल में रविवार को ‘मिस एंड मिसेज राजस्थान ग्लैमर 2027’ सीजन-2 के ऑडिशन आयोजित हुए। इसमें मिस और मिसेज दोनों श्रेणियों की करीब 200 युवतियों और महिलाओं ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य फैशन और मॉडलिंग की दुनिया में करियर बनाने की इच्छुक प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है।
आयोजक चिराग और राकेश कुमार ने बताया कि दोनों कैटेगरी की विजेताओं को एक-एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा उन्हें एक साल तक फैशन इंडस्ट्री से जुड़े काम करने के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में फाइनल तक पहुंचने वाले प्रतिभागियों को भी आगे बढ़ने के लिए विभिन्न अवसर दिए जाएंगे।
पोर्टफोलियो और फैशन शूट के अवसर
प्रतियोगिता के तहत विजेताओं के नि:शुल्क पोर्टफोलियो तैयार करवाए जाएंगे। इसके साथ ही स्टेट शूट, फैशन इन्फ्लुएंसर शूट, ज्वेलरी शूट और होटल इंडस्ट्री से जुड़े प्रोजेक्ट्स में काम करने का अवसर मिलेगा। इससे प्रतिभागियों को फैशन जगत में अपनी पहचान बनाने और करियर के नए रास्ते तलाशने में मदद मिलेगी।
जयपुर में होगा ग्रैंड फिनाले
कोटा ऑडिशन के बाद अगला ऑडिशन 20 दिसंबर को जयपुर में होगा। इसके बाद 27 दिसंबर को सेमीफाइनल आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, 5, 6 और 7 जनवरी को जयपुर के मान पैलेस में प्रतियोगिता से जुड़ी गतिविधियां होंगी, जबकि 8 जनवरी को ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा।
पिछले सीजन की विजेता कोटा की वेदिका जैन निर्णायक मंडल में शामिल रहीं। उनके साथ थर्ड रनरअप कुमकुम और मिसेज कैटेगरी की सेकंड रनरअप ज्योति शर्मा ने भी प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम में राहुल गुप्ता और समाजसेवी रतन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। ऑडिशन में प्रतिभागियों ने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और प्रस्तुति के दम पर निर्णायकों को प्रभावित करने का प्रयास किया।
