कोटा। शंभूपुरा स्थित नए एयरपोर्ट के पास 29 सितंबर को कार में गोली लगा मिला मोहम्मद यकीन के शव के मामले में पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए बुधवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया। फोरेंसिक जांच के लिए पुलिस ने मृतक का शव दोबारा कब्र से निकलवाया। इसके बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) की टीम ने शव से जरूरी सैंपल लिए।
तालेड़ा थाना अधिकारी मुकेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम बोरखेड़ा स्थित कब्रिस्तान पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में मोहम्मद यकीन का शव कब्र से बाहर निकलवाया गया। एफएसएल टीम ने आवश्यक नमूने लेने के बाद शव को दोबारा सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
गोली लगने से हुई थी मौत
गौरतलब है कि 29 सितंबर को शंभूपुरा स्थित नए एयरपोर्ट के पास एक कार में मोहम्मद यकीन का शव मिला था। उसके शरीर पर गोली लगने के निशान थे। घटना के बाद से ही पुलिस मामले को ब्लाइंड मर्डर मानकर जांच में जुटी है।
पुलिस हत्यारे तक पहुंचने के लिए अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ के साथ मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। अब शव के दोबारा पोस्टमार्टम/फोरेंसिक परीक्षण के लिए सैंपल लिए जाने से जांच में नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
हत्यारे तक पहुंचने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया
थानाधिकारी मुकेश यादव के अनुसार पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है और जल्द ही वारदात का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मोहम्मद यकीन हत्याकांड पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। एफएसएल जांच से मिलने वाली रिपोर्ट को पुलिस अपनी अन्य जांच से जोड़कर वारदात की कड़ियां तलाशेगी।
