कोटा। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की प्रेरणा और पहल पर शहर में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जगह-जगह 'सांसद जन सेवा कैंप' का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में नयापुरा स्थित खंडगावड़ी में विशेष जन सेवा कैंप लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं पर हुई सुनवाई
कैंप में नगर निगम, विद्युत निगम, जलदाय विभाग (PHED), राजस्व और चिकित्सा सहित विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सड़क, नालियों की सफाई, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और बिजली बिलों से संबंधित अपनी शिकायतें कैंप में दर्ज करवाईं।
मौके पर ही निस्तारण के निर्देश
कैंप में आए परिवादों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। वहीं, जटिल और नीतिगत समस्याओं के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही छत के नीचे सभी विभागों के अधिकारियों के मिलने से उन्हें दफ्तरों के चक्कर काटने से राहत मिली है।
