कोटा। कोटा नगर निगम में नए बोर्ड के गठन के बाद सोमवार को निगम की पहली साधारण बैठक आयोजित की गई। बैठक से पहले निगम प्रशासन की ओर से कांग्रेस, भाजपा सहित अन्य निर्दलीय पार्षदों का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया गया। इसके बाद सभी पार्षदों ने अपना परिचय दिया।
बैठक में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा और लाडपुरा विधायक कल्पना देवी भी मौजूद रहीं। दोनों विधायकों ने सभी पार्षदों को शुभकामनाएं दीं और शहर के विकास के लिए मिलकर काम करने की बात कही।
इस दौरान विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि एक पार्षद को अपने वार्ड की समस्याओं और जरूरतों की सबसे अधिक जानकारी होती है। इसलिए उसकी जिम्मेदारी है कि वह अपने वार्ड को साफ-सुथरा रखने के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाए। उन्होंने कहा कि बजट की कमी नहीं है, लेकिन कोटा शहर को स्वच्छ और बेहतर बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
संदीप शर्मा ने कहा कि पार्षद किसी पार्टी के प्रतिनिधि के रूप में ही नहीं, बल्कि जनता के विश्वसनीय जनप्रतिनिधि के रूप में चुनकर आए हैं। जनता ने उन्हें अपने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास के लिए जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में पार्षदों को अपने वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ निगम के सामने रखना चाहिए।
बैठक में निगम प्रशासन एवं नवनिर्वाचित पार्षदों के बीच शहर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। साधारण बैठक के साथ नए बोर्ड के कामकाज की औपचारिक शुरुआत भी हुई।
