कोटा, 20 अगस्त। नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकट के दावेदारों और कार्यकर्ताओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि दो दिन बढ़ा दी है।
अब नगर निगम चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार 23 अगस्त 2026, रविवार को शाम 5 बजे तक गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में अपने आवेदन जमा करा सकेंगे। इसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उम्मीदवारों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लिया फैसला
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों में जबरदस्त उत्साह है। बड़ी संख्या में उम्मीदवार आवेदन लेने और जमा कराने के लिए कांग्रेस कार्यालय पहुंच रहे हैं। उम्मीदवारों की सुविधा और लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख दो दिन बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
गुरुवार को कार्यालय में लगी लंबी कतार
20 अगस्त को भी गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में नगर निगम चुनाव के आवेदन जमा कराने के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवार और कार्यकर्ता पहुंचे। स्वयं राखी गौतम भी कार्यालय पहुंचीं। उनके समक्ष उम्मीदवारों ने अपने आवेदन जमा कराए।
उम्मीदवारों की संख्या अधिक होने के कारण कार्यालय में आवेदन जमा कराने वालों की लंबी कतार देखने को मिली। पूरे दिन कांग्रेस कार्यालय में चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और सक्रियता बनी रही।
एक दिन में 150 आवेदन जमा
कांग्रेस कार्यालय प्रभारी एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विजय सोनी ने बताया कि गुरुवार को करीब 150 आवेदन जमा हुए, जबकि अब तक लगभग 500 आवेदन उम्मीदवारों की ओर से लिए जा चुके हैं।
उन्होंने नगर निगम चुनाव लड़ने के इच्छुक सभी उम्मीदवारों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन अनिवार्य रूप से जमा कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 23 अगस्त को शाम 5 बजे के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
