कोटा। नगर निगम चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद अब निगाहें सोमवार, 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर हैं। शहर के 100 वार्डों के मतों की गिनती सुबह 8 बजे से जेडीबी कॉलेज में शुरू होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश जोशी के अनुसार, मतगणना शुरू होने के करीब दो घंटे बाद रुझानों से तस्वीर साफ होने लगेगी और दोपहर तक सभी वार्डों के परिणाम घोषित होने की उम्मीद है।
मतगणना के लिए कॉलेज में चार हॉल बनाए गए हैं। प्रत्येक हॉल में 14-14 टेबलें लगाई गई हैं। कुल 56 मतगणना टीमें गठित की गई हैं और 200 से अधिक कार्मिक लगाए गए हैं। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी, इसके बाद ईवीएम के मतों की गणना शुरू की जाएगी। अधिकारियों के अनुमान के अनुसार, एक वार्ड की गणना में सात से आठ राउंड हो सकते हैं।
मतदान के बाद ईवीएम जेडीबी कॉलेज में कड़ी सुरक्षा के बीच रखी गई हैं। इनकी सुरक्षा के लिए तीन से चार स्तर का घेरा बनाया गया है। मतगणना स्थल पर आमजन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
निर्दलीयों पर भी दलों की नजर
नतीजों से पहले प्रमुख दलों में सीटों के संभावित गणित को लेकर हलचल बढ़ गई है। स्पष्ट बहुमत की स्थिति नहीं बनने की संभावना को देखते हुए निर्दलीयों से संपर्क साधने की तैयारियां भी चल रही हैं। हालांकि, निगम में किस दल को कितना समर्थन मिलेगा और निर्दलीयों की भूमिका कितनी अहम होगी, यह परिणाम आने के बाद स्पष्ट होगा।
मतगणना पूरी होने तक बंद रहेगा जेडीबी कॉलेज रोड
मतगणना शुरू होने से पहले जेडीबी कॉलेज रोड पर यातायात बंद कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था मतगणना पूरी होने तक लागू रहेगी। कॉलेज के सामने बैरिकेड लगाए गए हैं। स्टेशन से एरोड्रम सर्किल और अनंतपुरा की ओर जाने वाला यातायात नयापुरा होकर निकाला जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, मार्ग परिवर्तन की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की जा चुकी है।
