कोटा। नगर निगम चुनाव की मतगणना के दौरान कोटा के दो वार्डों में चुनावी नतीजे अटक गए हैं। इन दोनों वार्डों में ईवीएम में खराबी आने के कारण मतगणना प्रक्रिया रोकनी पड़ी। इसके चलते परिणाम घोषित नहीं किए जा सके हैं।
मामले को लेकर चुनाव पर्यवेक्षक जुगल किशोर मीणा ने बताया कि ईवीएम में तकनीकी खराबी के संबंध में निर्वाचन आयोग को आरओ के माध्यम से रिपोर्ट भेजी गई है। अब आयोग से प्राप्त निर्देशों के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अनुपालना में ही दोनों वार्डों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। फिलहाल संबंधित वार्डों में मतगणना पूरी होने और परिणाम जारी होने को लेकर स्थिति आयोग के निर्देशों पर निर्भर है।
ईवीएम में खराबी के कारण दो वार्डों के परिणाम रुकने से प्रत्याशियों और समर्थकों की नजर अब निर्वाचन आयोग के फैसले पर टिकी हुई है। आयोग से निर्देश मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लंबित मतगणना किस प्रक्रिया के तहत पूरी कराई जाएगी और परिणाम कब घोषित होंगे।
