कोटा। कोटा नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया है और अब नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनना तय माना जा रहा है। नगर निगम के कुल 100 वार्डों में से 99 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इनमें भाजपा ने 55 वार्डों, कांग्रेस ने 40 वार्डों और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 4 वार्डों में जीत दर्ज की है।
अब केवल वार्ड नंबर 87 का परिणाम बाकी है। यहां मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी आने के कारण परिणाम अटक गया है। संबंधित मशीन को अधिकारियों के निर्देश पर सील कर दिया गया है और तकनीकी जांच के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
राखी गौतम ने उठाया मतगणना में पारदर्शिता का मुद्दा
वार्ड 87 की मतगणना को लेकर कांग्रेस की शहर जिला अध्यक्ष राखी गौतम ने मतगणना स्थल पर पहुंचकर अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनता के मत का सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की।
वहीं, ईवीएम में खराबी के चलते वार्ड 87 का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है। तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इस वार्ड का अंतिम नतीजा घोषित किया जाएगा।
99 वार्डों के परिणाम सामने आने के बाद भाजपा बहुमत के आंकड़े को पार कर चुकी है। ऐसे में वार्ड 87 के परिणाम का नगर निगम बोर्ड गठन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन इस वार्ड के अंतिम परिणाम को लेकर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की नजरें टिकी हुई हैं।
मतगणना स्थल पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
