कोटा। ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण कोटा नगर निगम के तीन वार्डों और सुकेत नगरपालिका के एक वार्ड में कराए गए पुनर्मतदान के परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिए गए। कोटा नगर निगम के तीन वार्डों में हुए पुनर्मतदान में वार्ड 44 और 87 से भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि वार्ड 11 में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहा। वहीं सुकेत नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 में कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की।
टैगोर हॉल में हुई मतगणना
पुनर्मतदान के बाद गुरुवार सुबह कोटा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित टैगोर हॉल में मतगणना प्रक्रिया शुरू हुई। परिणाम करीब एक घंटे में घोषित कर दिए गए। कोटा के तीन वार्डों के परिणाम सामने आने के साथ ही ईवीएम तकनीकी खराबी के कारण रोके गए चुनाव परिणाम भी अपडेट हो गए।
सुकेत वार्ड 4 में कांग्रेस की जीत
सुकेत नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 में भी पुनर्मतदान कराया गया था। यहां कांग्रेस प्रत्याशी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 117 मतों के अंतर से हराया।
पुनर्मतदान के परिणाम उन मतदान केंद्रों पर ईवीएम में आई तकनीकी खराबी के बाद कराए गए थे। कोटा के वार्ड 11, 44 और 87 तथा सुकेत नगरपालिका के वार्ड 4 के प्रभावित मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर को पुनर्मतदान कराया गया था और 17 सितंबर को मतगणना निर्धारित थी।
