कोटा। नगर निगम के तीन वार्डों के एक-एक बूथ पर बुधवार सुबह 7 बजे कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच पुनर्मतदान शुरू हुआ। सुबह मतदान की रफ्तार धीमी रही और मतदाता धीरे-धीरे केंद्रों पर पहुंचते नजर आए। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों को इन बूथों के मतदाताओं से बड़ी उम्मीदें हैं।
वार्ड संख्या 87 के बूथ संख्या 99, वार्ड संख्या 44 के बूथ संख्या 448 और वार्ड संख्या 11 के बूथ संख्या 576 पर दोबारा वोट डाले जा रहे हैं। इन बूथों पर ईवीएम में खराबी के कारण मतगणना नहीं हो सकी थी। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान के निर्देश दिए थे।
मतदान दलों ने सुबह निर्धारित समय से पहले केंद्रों पर पहुंचकर तैयारियां पूरी कीं। इसके बाद सुबह 7 बजे मतदान शुरू कराया गया। मतदान केंद्रों पर पुलिस का कड़ा पहरा है। शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान के लिए सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
तीनों बूथों पर होने वाले मतदान को लेकर दोनों प्रमुख दलों की नजर मतदाताओं के रुझान पर है। सुबह कम संख्या में मतदाता पहुंचे, हालांकि दिन चढ़ने के साथ मतदान की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है।
