कोटा। नगर सेठ के पंडाल में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक कथित तौर पर तलवार और पिस्टल लेकर वहां पहुंच गया। युवक पर पंडाल में मौजूद लोगों को धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
श्री गणपति सेवा समिति के अध्यक्ष विशाल साहू के अनुसार, सम्राट नाम का युवक पंडाल में आया और पहले मारपीट की धमकी देने लगा। आरोप है कि इसके बाद उसने तलवार लहराई और फिर पिस्टल निकालकर लोगों को जान से मारने की धमकी दी। समिति की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि युवक ने नगर सेठ के आभूषण और करीब 50 हजार रुपए नकद ले जाने की कोशिश की।
हथियार लेकर युवक के पंडाल में पहुंचने से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद रामपुरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
रामपुरा थाना अधिकारी देशराज गुर्जर ने बताया कि घटना को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है और नियमानुसार मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को युवक के शराब के नशे में पंडाल में पहुंचने की जानकारी भी मिली है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शिकायत, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
