नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
नवरात्रि से पहले ही कोटा में उत्सव की तैयारियां जमीन पर नजर आने लगी हैं। पंडालों में विराजने वाली माता की प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मूर्तिकार रंगाई-पुताई के साथ मुकुट, आभूषण, वस्त्र और चुनरी से माता के स्वरूप का श्रृंगार करने में जुटे हैं। दाढ़ देवी, आशापाला मंदिर, बिजासन माता मंदिर से लेकर दादाबाड़ी के ज्योति मंदिर तक विशेष विद्युत सज्जा और फूलों का शृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगा।
दूसरी ओर पंडाल समितियां प्रतिमा स्थापना, सजावट और रोशनी की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगी हैं। रामपुरा की महारानी जैसे बड़े पंडालों ने शहर की नवरात्रि को अलग पहचान दी हैं। इसी के साथ शहर में डांडिया-गरबा की भी प्लानिंग शुरू हो गई है। युवाओं और परिवारों ने अभी से तय करना शुरू कर दिया है कि किस दिन किस आयोजन में जाना है और किस अंदाज में गरबा-डांडिया खेलना है। 12 अक्टूबर से नवरात्रि के अंतिम दिनों तक ग्रीन पाम्स, अल्फा रिजॉर्ट, तुलसी रिजॉर्ट, सिटी पार्क और उम्मेद भवन पैलेस सहित कई स्थानों पर आयोजन होंगे। मंदिरों और पंडालों में माता का श्रृंगार जहां आस्था का रंग भर रहा है, वहीं डांडिया की तैयारियां शहर की रातों को उत्सव के रंग में रंगने लगी हैं।
डांडिया-गरबा के बड़े आयोजन
11-12 अक्टूबर : श्रीमाहेश्वरी समाज डांडिया महोत्सव, श्रीनाथपुरम
श्रीमाहेश्वरी समाज कोटा की ओर से दो दिवसीय डांडिया महोत्सव होगा। पहले दिन महिलाओं के लिए पिंक थीम और ओशियन थीम आकर्षण रहेगा। दूसरे दिन सास-बहू डांडिया प्रेजेंटेशन में जोड़ियां साथ गरबा खेलेंगी।
14-18 अक्टूबर : कोटा रंग रास, ग्रीन पाम्स, बारां रोड
पांच दिन चलने वाला यह बड़ा डांडिया-गरबा आयोजन नवरात्रि के प्रमुख आकर्षणों में रहेगा। यहां गरबा और डांडिया के साथ बड़े स्तर पर आयोजन की तैयारी है, जिसमें बड़ी संख्या में जोड़ों और महिलाओं की भागीदारी प्रस्तावित है।
15 अक्टूबर : डांडिया नो जलसा, सिटी पार्क
सिटी पार्क में डांडिया और गरबा की पारंपरिक धुनों के साथ रंगीन शाम सजेगी। लाइव संगीत, डीजे, खान-पान और सजावट के बीच परिवार और दोस्तों के साथ शामिल होंगे।
16-17 अक्टूबर : राजवाड़ी डांडिया नाइट 2.0, अल्फा रिजॉर्ट
राजवाड़ी थीम पर होने वाले इस आयोजन में पारंपरिक अंदाज के साथ आधुनिक रोशनी और हाईटेक साउंड का संयोजन रहेगा। दो दिन तक डांडिया-गरबा के साथ बड़ा मंचीय माहौल तैयार किया जाएगा।
16-18 अक्टूबर : डांडिया-गरबा, तुलसी रिजॉर्ट, बोरखेड़ा-बारां रोड
तीन दिन के इस आयोजन में गुजराती संगीत और पारंपरिक गरबा-डांडिया के साथ परिवारों के लिए उत्सवी माहौल रहेगा। आयोजन में खान-पान, सजावट और विभिन्न गतिविधियां भी आकर्षण का हिस्सा रहेंगी।
18-19 अक्टूबर : रंग भीनी राधा, उम्मेद भवन पैलेस
नवरात्रि के अंतिम दौर में उम्मेद भवन पैलेस में दो दिवसीय आयोजन होगा। इसमें गुजराती और राजस्थानी संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा, जबकि संगीत और डांडिया के साथ आयोजन को खास रंग देने की तैयारी है।
20 अक्टूबर को दशहरा
इस बार 19 अक्टूबर को दुर्गाष्टमी और महानवमी के अवसर पर धार्मिक आयोजनों का जोर रहेगा। घरों और मंदिरों में कन्या पूजन, भंडारे, महाआरती और विशेष शृंगार होंगे। 20 को दशहरा होने के साथ यह माहौल दशहरा आयोजनों में बदल जाएगा।
