कोटा। नयापुरा थाना क्षेत्र में जेके लोन अस्पताल के पास धारदार हथियार से हमले में ऑटो चालक मुजाहिद हुसैन की मौत हो गई। बुधवार सुबह करीब 8 बजे परिजन एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे, जहां नयापुरा पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू करवाई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की है।
मुजाहिद बोरखेड़ा में किराए के मकान में रहता था और करीब चार वर्षों से ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। वह विवाहित था और उसकी एक बेटी है। उसकी मौत से परिवार में शोक छा गया।
मृतक के भाई मुजम्मिल हुसैन ने बताया कि मुजाहिद रोज की तरह जेके लोन अस्पताल के पास सवारी के इंतजार में खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान मामूली बात पर कहासुनी होने के बाद शराफत हुसैन ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल अवस्था में उसे तत्काल एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
नयापुरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमले की वजह और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी।
