कोटा। महिला सुरक्षा अभियान के तहत नयापुरा थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में वांछित आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक कुमार (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पीड़िता से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने पीड़िता की फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ जबरन संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने दूसरी शादी कर ली।
मामले में पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई।
जयपुर से किया गिरफ्तार
नयापुरा पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की और तकनीकी जानकारी के आधार पर उसका पता लगाया। पुलिस टीम ने जयपुर पहुंचकर आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
