कोटा |
कोटा जिले के दीगोद थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंडला गांव में शुक्रवार तड़के एक किराने की दुकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के चलते आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर दीगोद थाना पुलिस और सुल्तानपुर नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
0 बजे उठा धुआं, मची अफरा-तफरी
दुकान मालिक शौभागमल मीणा ने बताया कि वे गुरुवार रात करीब 9:30 बजे रोजाना की तरह दुकान बंद कर पास ही स्थित अपने घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे आसपास के ग्रामीणों ने दुकान से भीषण धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी दुकान मालिक और पुलिस को दी।
दमकल टीम और ग्रामीणों ने बुझाई आगसुल्तानपुर नगर पालिका फायर ब्रिगेड के चालक उमाशंकर मेहरा के अनुसार, दीगोद पुलिस से सूचना मिलते ही दमकल वाहन तुरंत मुंडला गांव के लिए रवाना हुआ। मौके पर पहुंचे फायरकर्मी गोविंद मीणा, हेमंत मीणा, नाजिद हुसैन और बृजमोहन गोचर ने ग्रामीणों के सहयोग और अन्य स्थानीय संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाया।
15 लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान
आग पर जब तक पूरी तरह नियंत्रण पाया जाता, तब तक दुकान में रखा अधिकांश किराना सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर पूरी तरह खाक हो चुके थे। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, इस आगजनी में करीब 15 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है; शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। दीगोद पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
