कोटा नगर निगम के 100 वार्डों में शुक्रवार को मतदान, 815 मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाएं अंतिम चरण में
कोटा। नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत कोटा नगर निगम के 100 वार्डों में शुक्रवार को होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक एवं चुनावी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। मतदान के लिए जिले में 815 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से कोटा-बूंदी के लिए नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक जुगल किशोर मीना ने गुरुवार को देर रात तक विभिन्न मतदान केन्द्रों और चुनावी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जेडीबी कॉलेज पहुंचकर मतदान दलों की रवानगी, चुनाव सामग्री वितरण और स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान कर्मियों से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी भी ली।
इसके बाद चुनाव पर्यवेक्षक ने सेंट्रल एकेडमी रंगबाड़ी, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय रंगबाड़ी और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शिवपुरा सहित विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पीठासीन अधिकारियों और मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ईवीएम खराबी पर तत्काल सूचना के निर्देश
चुनाव पर्यवेक्षक जुगल किशोर मीना ने मतदान दलों को निर्देश दिए कि पूरी चुनाव प्रक्रिया निर्धारित नियमों और निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में मतदान की निष्पक्षता प्रभावित नहीं होनी चाहिए और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से कराया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि ईवीएम में तकनीकी खराबी या किसी अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल सेक्टर एवं एरिया मजिस्ट्रेट को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
मतदान से एक घंटे पहले होगा मॉक पोल
मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए मतदान दलों को मतदान शुरू होने से एक घंटे पहले मॉक पोल कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद निर्धारित समय पर मतदान शुरू कराया जाएगा।
प्रशासन ने मतदान दलों को चुनाव आयोग के सभी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी के साथ प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं।
