नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा में कोचिंग विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए शहर पुलिस ने ऑपरेशन हॉक के तहत जवाहर नगर थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग और रूट मार्च किया। मंगलवार को पुलिस, आरएसी और कमांडो टीम ने राजीव गांधी नगर, इंद्रा विहार, जवाहर नगर, डिस्ट्रिक्ट सेंटर, तलवंडी और तलवंडी चौराहे सहित विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान 40 से 50 चाय की थड़ियों की जांच की गई, जहां संदिग्ध लोगों के जमावड़े की आशंका रहती है।
पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि अभियान का उद्देश्य कोचिंग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखना और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करना है। अभियान के दौरान पुलिस एक्ट के तहत 10 कार्रवाई की गईं तथा पांच पावर बाइक जब्त की गईं।
वृत्ताधिकारी प्रथम मनीष शर्मा के निर्देशन में जवाहर नगर थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की चेकिंग और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
